पसमांदा समाज के हक़-हुक़ूक़ की लड़ाई को नई दिशा

संथाल परगना में पसमांदा महाज़ की अहम बैठक सम्पन्न

छह जिलों के जिला अध्यक्षों को सौंपे गए नियुक्ति पत्र
मसानजोर में पसमांदा संगठन विस्तार पर मंथन
उलेमा बोर्ड गठन को लेकर अहम घोषणाएं
शिक्षा को पसमांदा तरक्की की कुंजी बताया
संथाल परगना में संगठन को जमीनी स्तर तक ले जाने का आह्वान
नई नियुक्तियों से संगठन को मिली मजबूती

झारखण्ड स्थित संथाल परगना के मसानजोर स्थित मयूरांछी रिसॉर्ट में ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज की एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में संथाल परगना संगठन प्रभारी सहित संथाल परगना के सभी छह जिलों के जिला अध्यक्षों को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष मौलाना रकीब अंसारी ने की, जबकि संचालन प्रदेश सचिव सद्दाम हुसैन ने किया। बैठक के दौरान संगठन के उलेमा बोर्ड के गठन हेतु हाफिज शमीम अख्तर को जामताड़ा प्रमंडल प्रभारी तथा मौलाना वासफुल हक को संगठन प्रभारी बनाए जाने की घोषणा सर्वसम्मति से की गई। बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने बारी-बारी से अपने विचार और सुझाव रखे। मौलाना रकीब अंसारी ने पसमांदा समाज की मौजूदा कमजोरियों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें दूर करने के लिए संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं प्रदेश सचिव सद्दाम हुसैन ने देश की आज़ादी में पसमांदा समाज के ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित किया। पसमांदा एक्टिविस्ट मोहम्मद नजरुल इस्लाम ने आज़ादी के बाद पसमांदा समाज के साथ हुए भेदभाव पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि समाज के विकास और तरक्की के लिए बच्चों की शिक्षा बेहद जरूरी है, जब तक शिक्षा को प्राथमिकता नहीं दी जाएगी तब तक समाज प्रगति की राह पर नहीं बढ़ सकेगा। शिक्षक मोहम्मद कुरेश अंसारी ने भी शिक्षा और सामाजिक जागरूकता पर अपने विचार साझा किए। संथाल परगना प्रमंडल प्रभारी मोहम्मद सिराज अंसारी ने जिला अध्यक्षों से अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाने और संगठन के विस्तार पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन को जिला से प्रखंड, प्रखंड से पंचायत और गांव-मोहल्ला तक हर व्यक्ति तक पहुंचाना अनिवार्य है। वहीं अधिवक्ता रिजवान उल हक ने संगठन के सभी विंग के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, प्रयास और आपसी सहयोग से ही संगठन को मजबूत बनाया जा सकता है।बैठक में विभिन्न पदों पर नियुक्तियों की घोषणा की गई। मोहम्मद सिराज अंसारी को संथाल परगना प्रमंडल प्रभारी नियुक्त किया गया। देवघर जिला अध्यक्ष के रूप में फरीद अंसारी, दुमका जिला अध्यक्ष के रूप में इकबाल हुसैन तथा गोड्डा जिला अध्यक्ष के रूप में मोहम्मद बाबर, जामताड़ा जिला अध्यक्ष अनवर सौदागर को नियुक्त किया गया। बैठक को संगठन की मजबूती और पसमांदा समाज के हक व हुकूक की लड़ाई को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।