जयसिंहपुर (सुल्तानपुर): ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ के तत्वावधान में विधानसभा जयसिंहपुर क्षेत्र में पसमांदा मुसलमानों को संगठन से जोड़ने हेतु व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान संगठन के उत्तर प्रदेश प्रभारी श्री अफजल अंसारी, मध्य जोन अध्यक्ष श्री जलील
अहमद एवं अयोध्या मंडल अध्यक्ष श्री गफ्फार घोसी ने क्षेत्र में लोगों से मुलाकात कर संगठन की नीतियों एवं उद्देश्यों से अवगत कराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी श्री अफजल अंसारी ने कहा कि संगठन पसमांदा मुसलमानों के शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य वंचित वर्गों को उनका अधिकार दिलाना और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने पसमांदा समाज से आह्वान किया कि वे संगठन के बैनर तले एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संगठन उनकी जायज मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखेगा।
मध्य जोन अध्यक्ष श्री जलील अहमद ने कहा कि आज पसमांदा समाज अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो रहा है और उसे यह समझ में आने लगा है कि उसके पिछड़ेपन के पीछे कौन सी ताकतें जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि समाज को मुख्यधारा में लाने के लिए अभी और अधिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे संगठित होकर अपनी ताकत को पहचानें, क्योंकि बिना संगठन के विकास संभव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक दल केवल वोट लेने का काम करते हैं, इसलिए अपने वोट का सही उपयोग करें और नेताओं से अपने अधिकारों के बारे में सवाल पूछें।
अयोध्या मंडल अध्यक्ष श्री गफ्फार घोसी ने अपने संबोधन में कहा कि आज अन्य समाजों की तुलना में पसमांदा समाज विकास की दौड़ में पीछे रह गया है, जबकि अन्य वर्ग तेजी से आगे बढ़ चुके हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे समय रहते जागरूक हों और अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आगे आएं। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से ही राजनीतिक दलों से समाज के हक और अधिकारों की मजबूती से बात की जा सकती है।
इस अवसर पर पसमांदा समाज के बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। कई लोगों ने संगठन से जुड़ने की इच्छा व्यक्त की और संगठन के नियमों एवं उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया।

