रांची। ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के झारखंड प्रदेश कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष अबू शाहिद अंसारी, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. कलीम अंसारी और उत्तरी छोटानागपुर के प्रभारी व प्रदेश महासचिव एके सुल्तान ने भाग लिया। बैठक में झारखंड में पसमांदा मुस्लिम समुदाय के लिए जाति जनगणना, ग्राम स्तर पर सदस्यता अभियान और अन्य मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष अबू शाहिद अंसारी ने कहा कि जाति जनगणना सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने जोर दिया कि इसका उद्देश्य केवल आँकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि नीतिगत बदलावों और अधिकारों के न्यायपूर्ण वितरण को सुनिश्चित करना होना चाहिए।
राष्ट्रीय महासचिव डॉ. कलीम अंसारी ने कहा कि सभी वर्गों, विशेष रूप से हाशिए पर मौजूद समुदायों को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक अवसरों में समानता प्रदान करने के लिए पारदर्शी और प्रभावी व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।
उत्तरी छोटानागपुर के प्रभारी एके सुल्तान ने कहा कि झारखंड में योजनाओं को समावेशी, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए, ताकि पसमांदा समुदायों तक वास्तविक लाभ पहुंचे। उन्होंने यह भी जोड़ा कि जनसंख्या के अनुपात में सभी वर्गों, विशेषकर पिछड़े और वंचित समुदायों की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संवैधानिक और नीतिगत कदम उठाए जाने चाहिए। साथ ही, उन्होंने घोषणा की कि बोकारो और धनबाद जिला अध्यक्षों का गठन जल्द किया जाएगा।
बैठक में हाजी आहमद हुसैन, अरशद अंसारी, सिराज अंसारी सहित अन्य प्रमुख सदस्य उपस्थित थे।