जामताड़ा / झारखण्ड : पवित्र त्योहार ईदुल अज़हा पूरे जामताड़ा जिले में हर्षोल्लास, आपसी भाईचारे और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। जिले के शहर से लेकर गांव तक हर तरफ खुशियों का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़
पड़ी। लोगों ने समय पर पहुंचकर नमाज-ए-ईदुल अज़हा अदा की और मुल्क में अमन, शांति, तरक्की तथा भाईचारे की दुआएं मांगी।
इस अवसर पर ऑल इंडिया पसमांदा उलेमा बोर्ड के राष्ट्रीय प्रवक्ता मौलाना अब्दुर रकीब रहमानी ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि ईदुल अज़हा सिर्फ कुर्बानी का त्योहार नहीं, बल्कि त्याग, इंसानियत, मोहब्बत और अल्लाह की राह में समर्पण का पैगाम देता है। उन्होंने कहा कि जामताड़ा जिले के सभी इलाकों में लोगों ने बेहद शांतिपूर्ण और धार्मिक माहौल में त्योहार मनाया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और घर-घर खुशियां बांटी गईं।
उन्होंने बताया कि जिले की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने नमाज अदा की तथा उसके बाद सुन्नत के मुताबिक बकरों और अन्य जानवरों की कुर्बानी पेश की गई। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में ईद को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। बाजारों में भी सुबह से रौनक बनी रही और लोगों ने अपने रिश्तेदारों एवं परिचितों के घर पहुंचकर मुबारकबाद दी।
प्रेस वार्ता के दौरान मौलाना अब्दुर रकीब रहमानी ने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था बेहद चुस्त-दुरुस्त रही। चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों, गांवों और मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे लोगों ने सुरक्षित माहौल में त्योहार मनाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सक्रियता और जनता के सहयोग से जामताड़ा में ईदुल अज़हा का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और जिलेवासियों का धन्यवाद अदा करते हुए कहा कि आपसी सौहार्द और भाईचारा ही हमारे समाज की सबसे बड़ी ताकत है। ईदुल अज़हा हमें इंसानियत, त्याग और जरूरतमंदों की मदद का संदेश देती है, जिसे समाज में आगे बढ़ाने की जरूरत है।
अंत में उन्होंने जिलेवासियों, राज्यवासियों और पूरे देश के लोगों को ईदुल अज़हा की दिली मुबारकबाद पेश करते हुए कहा कि अल्लाह तआला सभी की कुर्बानियों को कबूल फरमाए और देश में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारा कायम रखे।

