स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों को उपहार देकर किया उत्साहवर्धन

वडोदरा। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़, गुजरात के प्रदेश अध्यक्ष श्री सलीम गरासिया ने नगर प्राइमरी एजुकेशन कमेटी, वडोदरा द्वारा संचालित जावरचंद मेघाणी प्राथमिक शाला, वाडी-19, बावमनपुरा, पानीगेट में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने भोजन, मोबाइल के सदुपयोग तथा शिक्षा के महत्व से संबंधित प्रस्तुतियों के माध्यम से जागरूकता का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर श्री सलीम गरासिया ने विद्यार्थियों को उपहार देकर उनका उत्साह बढ़ाया और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ देशप्रेम, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से जोड़ना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

समारोह में स्कूल के सभी विद्यार्थी, स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा वार्ड-15 के महामंत्री वसंतभाई कनौजिया, महिला मोर्चा की प्रियाबेन एवं उनकी टीम ने भी सहभागिता की। इसके अलावा मुन्ना भाई शेख और लियाकत भाई मालेक सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के विद्यार्थियों के बीच 300 बिस्किट पैकेट वितरित किए गए। बच्चों ने खुशी के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यालय परिसर में देशभक्ति, शिक्षा और सामाजिक एकता का संदेश दिया।