दिलशाद मलिक और मेहरबान अंसारी को सहारनपुर जिला सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई
लखनऊ। ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के लखनऊ स्थित राष्ट्रीय कार्यालय पर राष्ट्रीय अति पिछड़ा मोर्चा के अध्यक्ष श्री गुलजार सलमानी को संगठन का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस अवसर पर उनके साथ आए श्री दिलशाद मलिक और श्री मेहरबान अंसारी को सहारनपुर जिला सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर गुलजार सलमानी ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री परवेज हनीफ, मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मुहम्मद यूनुस और राष्ट्रीय संयोजक श्री शमीम अंसारी का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें इस योग्य समझते हुए इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, जिसके लिए वह उनके आभारी हैं।
गुलजार सलमानी ने कहा कि उनके गृह जनपद सहारनपुर में पसमांदा मुस्लिम समाज की स्थिति चिंताजनक है। समाज के लोगों में शिक्षा के प्रति जागरूकता की कमी है और राजनीतिक भागीदारी को लेकर भी अपेक्षित जागरूकता नहीं दिखाई देती। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में उनकी प्राथमिकता संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना और पसमांदा समाज को शिक्षा, सामाजिक जागरूकता तथा राजनीतिक भागीदारी के प्रति जागरूक करना होगा।
उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि वह विशेष रूप से सहारनपुर के गांवों तक संगठन का विस्तार करेंगे और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़कर पसमांदा समाज को मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अकील अहमद, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री बन्ने अली अल्वी, लखनऊ जिला अध्यक्ष श्री फैज मोहम्मद और कार्यालय सचिव श्री एहतेशाम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

