दिल्ली में होगा पसमांदा उलेमा बोर्ड का सम्मेलन
गाज़ियाबाद में जुटे पसमांदा महाज़ के पदाधिकारी
राष्ट्रीय सम्मेलन को सफल बनाने की रणनीति तैयार
गाज़ियाबाद। ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को गाज़ियाबाद के इंदिरापुरम स्थित द ग्रैंड पैलेस होटल एंड बैंक्वेट में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य 29 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया इस्लामिक
कल्चरल सेंटर, लोधी रोड में ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ के अंतर्गत ऑल इंडिया पसमांदा उलेमा बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली ‘लकुम दीनुकुम वलिय दीन’ नेशनल कॉन्फ्रेंस की तैयारियों पर चर्चा करना रहा।
बैठक में सम्मेलन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों, जिम्मेदारियों के निर्धारण, फंड मैनेजमेंट, क्राउड मैनेजमेंट और देश के विभिन्न हिस्सों से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। सम्मेलन की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और सभी संबंधित पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
‘लकुम दीनुकुम वलिय दीन’ नेशनल कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पसमांदा मुसलमानों के धार्मिक मुद्दों, उनकी समस्याओं तथा धार्मिक संस्थानों में उनकी हिस्सेदारी और प्रतिनिधित्व से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। सम्मेलन में इन मुद्दों पर सार्थक संवाद और उनके समाधान की दिशा में प्रयासों को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।
बैठक में मुफ्ती सुहैल अहमद कासमी, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, ऑल इंडिया पसमांदा उलेमा बोर्ड; मौलाना ज़फ़र कासमी; मौलाना अब्दुल रकीब अंसारी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री, ऑल इंडिया पसमांदा उलेमा
बोर्ड; मौलाना ज़फरुल हसन जलालपुरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, ऑल इंडिया पसमांदा उलेमा बोर्ड; मोहम्मद अल्तमश, प्रदेश अध्यक्ष, दिल्ली; शमीम अंसारी, राष्ट्रीय संयोजक; इंजीनियर नफीस मंसूरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी, दिल्ली; अहमद अंसारी, राष्ट्रीय प्रभारी; शाहीन अंसारी, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश प्रभारी, उत्तर प्रदेश; हाजी ताहिर हुसैन, अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश; मोहम्मद यूनुस, मुख्य कार्यकारी अधिकारी; हाजी मोहम्मद जफर अंसारी ‘नेताजी’, राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तरी दिल्ली अध्यक्ष; समीन अंसारी, प्रदेश सलाहकार, दिल्ली; मुख्तार अंसारी, प्रदेश कोषाध्यक्ष, दिल्ली तथा यूसुफ अंसारी, राष्ट्रीय प्रवक्ता, आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम), विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त विभिन्न पदाधिकारी, उलेमा-ए-किराम एवं संगठन के अन्य जिम्मेदार साथी भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं अतिथियों के लिए लंच की व्यवस्था भी की गई। सभी प्रतिभागियों ने 29 नवंबर को होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों और आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।

