पसमांदा समाज के समग्र विकास हेतु राष्ट्रीय नेतृत्व की बैठक सम्पन्न

लखनऊ। सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति प्रतिबद्ध राष्ट्रवादी संगठन ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज ने 21 और 22 जून 2025 को लखनऊ में दो दिवसीय राष्ट्रीय नेतृत्व बैठक और प्रदेश स्तरीय रणनीतिक संवाद का आयोजन किया। बैठक का उद्देश्य पसमांदा मुस्लिम समुदाय की सामाजिक, शैक्षिक, राजनीतिक और आर्थिक स्थिति की समीक्षा करना और ठोस कार्ययोजनाएँ बनाना था।
इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष परवेज हनीफ ने की। बैठक में संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुहम्मद युनुस, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शमीम अंसारी, प्रधान महासचिव मारूफ अंसारी, प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी ताहिर अंसारी, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं यूपी प्रभारी शाहीन अंसारी, राष्ट्रीय सलाहकार डॉ. फैय्याज अहमद, यूपी महासचिव इलियास अहमद सलमानी, मोहम्मद अल्तमश, और अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल थे।
बैठक में संगठन की गतिविधियों की गहराई से समीक्षा की गई और पसमांदा समाज के उत्थान के लिए चरणबद्ध रणनीति, स्थानीय संगठनात्मक सशक्तिकरण, और नीतिगत हस्तक्षेपों पर सहमति बनी।
दूसरे दिन उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों के साथ प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस बैठक में जमीनी स्तर पर कार्यरत कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय समस्याओं, शिक्षा में बाधाएँ, रोजगार की कमी, और राजनीतिक उपेक्षा जैसे मुद्दों पर अपने अनुभव साझा किए। इसी दिन महाज के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ और हज राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी से औपचारिक मुलाकात की। सच्चर समिति द्वारा चिन्हित 30 पसमांदा बहुल क्षेत्रों में शैक्षिक, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों की शुरुआत हेतु विस्तृत प्रस्ताव सौंपा गया। आगामी विधानसभा चुनावों में पसमांदा बहुल सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा पसमांदा मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट देने की माँग दोहराई गई, ताकि समुदाय की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके। मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने संगठन की माँगों को सहानुभूतिपूर्वक सुना और सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा केंद्र और राज्य कृ पसमांदा मुस्लिम समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मैं स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद कर पसमांदा बहुल क्षेत्रों को प्राथमिकता दिलाने तथा राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित कराने का प्रयास करूंगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष परवेज हनीफ ने कहा पसमांदा महाज केवल विरोध की राजनीति नहीं करता- हम समाधान आधारित नेतृत्व को आगे बढ़ाते हैं। शिक्षा, आत्म-सम्मान और राजनीतिक भागीदारी हमारा संवैधानिक अधिकार है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुहम्मद युनुस ने कहा झ ‘पसमांदा समुदाय मुस्लिम समाज की 80-85 प्रतिशत जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करता है, लेकिन उन्हें राजनीतिक और सामाजिक व्यवस्था में अभी भी समुचित स्थान नहीं मिल सका है। हमारा संघर्ष इस असमानता को समाप्त करने का है।