देहरादून। आल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़, उत्तराखंड के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सिराज अहमद के नेतृत्व में माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी से उनके कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री जी के उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में सफलतापूर्वक पाँच वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा उनके स्वस्थ, सफल एवं दीर्घ सार्वजनिक जीवन की कामना की।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश प्रभारी इक़बाल अहमद इदरीसी, प्रदेश महासचिव वकील अंसारी, प्रदेश सचिव वकील अंसारी, ऊधम सिंह नगर के जिला प्रभारी ज़ाहिर कुरैशी, चंपावत के जिला अध्यक्ष शादाब रज़ा तथा जिला प्रभारी दिलदार अली शामिल रहे।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड के पसमांदा मुस्लिम समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर मुख्यमंत्री जी का ध्यान आकर्षित किया। शिक्षा, रोजगार, आवास, स्वास्थ्य सुविधाओं, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ, सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण तथा समाज के समग्र विकास से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना और विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के समान एवं समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पसमांदा मुस्लिम समाज के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर आल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति भी आभार व्यक्त किया। संगठन ने कहा कि पसमांदा मुस्लिम समाज के उत्थान, सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा समावेशी विकास की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और पहलों से समाज के वंचित वर्गों को लाभ मिल रहा है। संगठन ने प्रधानमंत्री जी की दूरदर्शी सोच तथा पसमांदा समाज के प्रति उनके सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना की।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें पसमांदा मुस्लिम समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने, उनके अधिकारों की सुरक्षा तथा सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उन्नति के लिए सकारात्मक एवं रचनात्मक संवाद हुआ।
अंत में आल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़, उत्तराखंड ने माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी एवं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड में पसमांदा मुस्लिम समाज के सर्वांगीण विकास और सशक्तिकरण की दिशा में भविष्य में भी सकारात्मक प्रयास जारी रहेंगे।

