,पासमांदा समाज के संगठन विस्तार पर मंथन।
जल्द होगी जिला एवं प्रदेश कमेटियों का गठन : तौकीर अहमद।
सद्दाम हुसैन
संवाददाता/पटना ऑल इंडिया पासमांदा मुस्लिम महाज़ के प्रदेश कार्यालय, पटना में प्रदेश अध्यक्ष तौकीर अहमद की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन प्रदेश प्रधान महासचिव मोहम्मद परवेज आलम ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत पासमांदा आंदोलन के प्रणेता अब्दुल कय्यूम अंसारी तथा परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद की जयंती पर उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश करते हुए दुआ के साथ की गई। इस अवसर पर कार्यकारी मुख्य अधिकारी मोहम्मद यूनुस के निर्देश पर प्रकाशित पासमांदा टाइम्स मैगज़ीन का प्रदेश अध्यक्ष तौकीर
अहमद के हाथों विधिवत लोकार्पण किया गया। उपस्थित लोगों ने इसे पासमांदा समाज की आवाज़ को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। बैठक में प्रदेश एवं विभिन्न जिलों से आए संगठन के पदाधिकारियों एवं पासमांदा नेताओं ने भाग लिया। इस दौरान संगठन की मजबूती, पासमांदा समाज की शिक्षा, सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक भागीदारी, संगठन विस्तार तथा संवैधानिक अधिकारों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने समाज में एकता, जागरूकता और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर बल देते हुए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पूरे प्रदेश में संगठन विस्तार अभियान को और तेज किया जाएगा तथा पासमांदा समाज के हर वर्ग तक संगठन की नीतियों, उद्देश्यों और सामाजिक न्याय के संदेश को पहुंचाया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष तौकीर अहमद ने सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन के मिशन को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन को अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने के लिए कोर कमेटी के गठन का प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश उलमा बोर्ड के अध्यक्ष मौलाना अय्यूब अंसारी ने कहा कि शीघ्र ही सभी जिलों में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के साथ प्रदेश कमेटी का गठन पूरा कर लिया जाएगा। वहीं महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष फातिमा खातून ने महिलाओं की शिक्षा, संगठन में उनकी सक्रिय भागीदारी तथा उन्हें उनके संवैधानिक एवं सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने पर विशेष बल दिया।बैठक में संगठन को गति और मजबूती देने के लिए आर्थिक संसाधनों पर भी गंभीर विचार-विमर्श किया गया।उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से कहा कि नियमित फंडिंग के बिना किसी भी संगठन का प्रभावी संचालन कठिन है। इसलिए संगठन के लिए पारदर्शी एवं व्यवस्थित वित्तीय व्यवस्था विकसित करने तथा नियमित सहयोग राशि सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी।बैठक में प्रदेश संयोजक मोहम्मद जमालुद्दीन अंसारी, मीडिया प्रभारी मो. सद्दाम हुसैन, ऑल इंडिया पासमांदा उलेमा बोर्ड के प्रतिनिधि मोहम्मद अकमल, अकरम हुसैन, प्रदेश सलाहकार मोहम्मद इरफान, मोहम्मद सर्वर अंसारी, पटना जिला अध्यक्ष मोहम्मद सरफराज, प्रदेश सचिव मोहम्मद मुस्तफा मंसूरी, कौसर अख्तर खलील, खुर्शीद अकबर सहित कई अन्य उपस्थित थे।

