संगठन विस्तार और पसमांदा अधिकारों पर हुई चर्चा
रामपुर। जनपद रामपुर में ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के जिला अध्यक्ष श्री नबी बक्श के आवास पर संगठन की गतिविधियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संगठन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री शाहीन अंसारी ने की।
बैठक में पसमांदा मुसलमानों के सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक एवं संवैधानिक अधिकारों के साथ-साथ संगठन के विस्तार और जन-जन तक उसकी विचारधारा पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री शाहीन अंसारी ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाज के बीच जागरूकता फैलाने और संगठन की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने के लिए गांवों एवं मोहल्लों में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज पिछड़े, दलित एवं वंचित मुसलमानों की आवाज़ बनने के लिए एक सशक्त मंच है और इसका उद्देश्य सामाजिक न्याय, समान अवसर एवं संवैधानिक अधिकारों के लिए संघर्ष करना है।
जिला अध्यक्ष श्री नबी बक्श ने कहा कि रामपुर में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि निकट भविष्य में संगठन द्वारा जिले में एक विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ा जा सके।
बैठक में जिला महासचिव मो. ईस्माइल, जिला कार्यकारिणी सदस्य मुर्तजा अली, शफीक अहमद, मो. जाफर अंसारी, दुननी शाह, नूर आलम अंसारी, मो. सईद अंसारी, शकील मनसूरी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने और पसमांदा समाज के हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

