स्वतंत्रता दिवस पर AIPMM दिल्ली कार्यालय में भव्य समारोह का आयोजन

आज 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ दिल्ली के कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री शारिक अदीब अंसारी ने की। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सलाहकार इंजीनियर अख्तर हुसैन एवं अब्दुर रऊफ अंसारी ने विशेष रूप से शिरकत की। ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान- कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। तिरंगे के शान से लहराते ही पूरा वातावरण देशभक्ति के भाव से भर उठा। इसके पश्चात सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाकर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर देश की आजादी के साथ-साथ पसमांदा समाज के सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और राजनीतिक अधिकारों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि आजादी की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब समाज के हर वर्ग को बराबरी, न्याय, सम्मान और उसकी आबादी के अनुरूप प्रतिनिधित्व मिले। यहां पसमांदा समाज के हक, हिस्सेदारी, सम्मान और सामाजिक न्याय के लिए संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक संघर्ष को और मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।

समारोह के पश्चात सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के लिए विशेष जलपान की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर अधि. सज्जाद अंसारी एवं माजिद अंसारी ने दिल्ली कार्यालय के संगठनात्मक कार्यों को मजबूती देने के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। दिल्ली कार्यालय उनके इस सहयोग और संगठन के प्रति समर्पण के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता है। इस कार्यक्रम में श्री शारिक अदीब अंसारी, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं कार्यक्रम अध्यक्ष, इंजीनियर अख्तर हुसैन, राष्ट्रीय सलाहकार एवं विशिष्ट अतिथि, इंजीनियर नफीस मंसूरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली प्रदेश प्रभारी, अब्दुर रकीब रहमानी, पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता, ऑल इंडिया पसमांदा उलेमा बोर्ड, मौलाना सद्दाम हुसैन, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, ऑल इंडिया पसमांदा उलेमा बोर्ड, डॉ. शारिद जमाल अंसारी, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष, डॉ. रैहान असरारी, दिल्ली प्रदेश कार्यकारी महासचिव, एडवोकेट जावेद अख्तर, दिल्ली प्रदेश महासचिव, मुख्तार अंसारी, दिल्ली प्रदेश कोषाध्यक्ष, यामीन सैफी, दिल्ली प्रदेश सचिव, अब्दुर रऊफ अंसारी, विशिष्ट अतिथि, मोहम्मद साजिद अंसारी, माजिद अंसारी, एडवोकेट सज्जाद हुसैन, नसीम अहमद, सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।