दिल्ली में राष्ट्रीय उलमा कॉन्फ्रेंस की तैयारियां तेज

उलेमा एवं समाज के जिम्मेदार लोगों ने दिए सुझाव

हाजी मोहम्मद जफर अंसारी ‘नेताजी’ के नेतृत्व में कॉन्फ्रेंस की तैयारियों को लेकर बैठक

दिल्ली। उत्तरी-पूर्वी दिल्ली के बाबरपुर विधानसभा क्षेत्र के न्यू जाफराबाद में ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ की ओर से आगामी नवंबर माह में दिल्ली में आयोजित होने वाले “राष्ट्रीय उलमा कॉन्फ्रेंस” की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तरी दिल्ली के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद जफर अंसारी ‘नेताजी’ ने की। बैठक में बड़ी संख्या में उलेमा, मौलवी एवं समाज के जिम्मेदार लोगों ने शिरकत की और राष्ट्रीय उलमा कॉन्फ्रेंस को सफल बनाने की तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। शाम को आयोजित इस बैठक में कॉन्फ्रेंस की रूपरेखा, तैयारियों, समाज की भागीदारी तथा पसमांदा समाज में शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। उपस्थित उलेमा एवं समाज के लोगों ने कॉन्फ्रेंस को व्यापक और प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी रखे। बैठक के दौरान मेहमानों के लिए नाश्ते एवं जलपान की व्यवस्था की गई तथा बैठक के समापन पर सभी की मेहमाननवाज़ी करते हुए रात्रिभोज का आयोजन भी किया गया। आपसी मेल-मिलाप और सौहार्दपूर्ण माहौल में कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हाजी यासीन, हाजी जमील अंसारी, अब्दुल खालिक, वसीम भाई, सदरूल हसन सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे। हाजी मोहम्मद जफर अंसारी ‘नेताजी’ के नेतृत्व में राष्ट्रीय उलमा कॉन्फ्रेंस की तैयारियों को लेकर दिल्ली में गतिविधियां तेज हो गई हैं।