12 रबीउलअव्वल की तैयारियों को लेकर पसमांदा महाज की अहम बैठक

सुल्तानपुर। आगामी 26 अगस्त को होने वाले 12 रबीउलअव्वल के पर्व की तैयारियों को लेकर ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के प्रदेश प्रभारी श्री अफजल अंसारी ने अपने गृह जनपद सुल्तानपुर में जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में 12 रबीउलअव्वल के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों को बेहतर ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्णय लिया।

श्री अफजल अंसारी ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में तन-मन-धन से सहयोग करते हुए पूरी जिम्मेदारी और आपसी भाईचारे के साथ अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का संदेश देते हैं। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों एवं क्षेत्रीय स्तर पर समन्वय को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। सभी पदाधिकारियों ने कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर अयोध्या मंडल अध्यक्ष गफ्फार घोसी, राजीक भाई, खालिद मंसूरी, नसीम सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।