केंद्रीय कार्यालय में डॉ. जावेद अहमद का स्वागत

राष्ट्रीय उलेमा कांफ्रेंस की तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा

नई दिल्ली | ऑल इंडिया पसमांदा उलमा बोर्ड के केंद्रीय कार्यालय में डॉ. जावेद अहमद, प्रूफ रीडर, एनसीईआरटी (पब्लिशर डिविजन) का आगमन हुआ। इस अवसर पर ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ के राष्ट्रीय सलाहकार इंजीनियर अख्तर हुसैन ने गुलदस्ता भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर ऑल इंडिया पसमांदा उलमा बोर्ड के राष्ट्रीय संगठन मंत्री मौलाना अब्दुल रकीब रहमानी ने डॉ. जावेद अहमद के आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के बीच संवाद शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक सकारात्मकता को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

बैठक के दौरान 29 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया इस्लामिक कल्चर सेंटर में प्रस्तावित “लकुम दीनुकुम वलिय दीन” राष्ट्रीय उलेमा कांफ्रेंस को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सम्मेलन के उद्देश्य, कार्यक्रम, संगठनात्मक तैयारियों तथा देशभर से उलेमा एवं सामाजिक प्रतिनिधियों की भागीदारी को लेकर विचार-विमर्श किया गया। मौलाना अब्दुल रकीब रहमानी ने बताया कि सम्मेलन के माध्यम से धार्मिक विद्वानों, सामाजिक प्रतिनिधियों और पसमांदा समाज से जुड़े लोगों के बीच संवाद को मजबूत करने तथा आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता, शिक्षा और जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में सम्मेलन की तैयारियों, विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क अभियान और अधिक से अधिक प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर डॉ. जावेद अहमद अंसारी ने सम्मेलन की सफलता के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं और कार्यक्रम के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर कार्य करने पर जोर दिया।