सुल्तानपुर में पसमांदा मुस्लिम महाज की मासिक बैठक
पसमांदा उलमा बोर्ड के गठन पर जोर
सुल्तानपुर। ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज की मासिक बैठक बुधवार, 1 अक्टूबर 2026 को सुल्तानपुर स्थित नगर पालिका हाल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश मध्य जोन के अध्यक्ष श्री जलील अहमद ने की। बैठक में संगठन की गतिविधियों, पसमांदा मुसलमानों के सामाजिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक अधिकारों तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान श्री जलील अहमद ने आगामी 29 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित इस्लामिक कल्चरल सेंटर में आयोजित होने वाले “लकुम दीनुकुम वलिय दीन” नेशनल कॉन्फ्रेंस में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपने हक-हकूक की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए दिल्ली पहुंचना जरूरी है। उन्होंने कहा याद रहे दोस्तो जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी, लेंगे देंगे हिस्सेदारी, नहीं करेंगे ताबेदारी! ताबेदारी मुर्दाबाद/ हिस्सेदारी जिन्दाबाद/ अपना आल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज जिन्दाबाद! बाकी सबकी छोड़ो बात।
बैठक के दौरान नवनियुक्त नगर अध्यक्ष इदरीश साहब का स्वागत भी किया गया। बैठक के बाद समाज की विभिन्न समस्याओं को लेकर पुलिस विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रभारी श्री अफजल अंसारी ने कहा कि आगामी नेशनल कॉन्फ्रेंस पसमांदा मुसलमानों के अधिकारों और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में दीनी विषयों के साथ-साथ पसमांदा मुसलमानों की सामाजिक, राजनीतिक एवं शैक्षणिक स्थिति पर गंभीर चर्चा की जाएगी। साथ ही उनके सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य की रणनीति तय करने पर भी विचार किया जाएगा और संगठन के पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
श्री अंसारी ने कहा कि सुल्तानपुर में ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के साथ उसके प्रमुख विंग पसमांदा उलमा बोर्ड के गठन पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महंगाई के मौजूदा दौर में उलमा
समुदाय अनेक कठिनाइयों के बावजूद दीन-ए-इस्लाम की सेवा कर रहा है। ऐसे में उनके सामाजिक और आर्थिक हितों को भी संगठन के एजेंडे में प्रमुखता से शामिल किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि पसमांदा मुसलमानों के अधिकारों और उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवाज उठाने वाला संगठन लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में खालिद मंसूरी, जिला अध्यक्ष सुल्तानपुर; अब्दुल गफ्फार, मंडल अध्यक्ष अयोध्या; मो. जावेद अंसारी, इसौली विधानसभा अध्यक्ष; अब्दुल जब्बार, जिला अध्यक्ष सुल्तानपुर; इफ्तेखार आलम, जिला महासचिव; एडवोकेट साजिद अली, जिला सचिव; कमाल अहमद अंसारी, जिला सचिव; वसीम अली, जिला सचिव; सईद खालिद, जिला मीडिया प्रभारी सहित मो. रफीक, देवराज, इश्तियाक अहमद, बब्बन आदि मौजूद रहे।

