दिल्ली के ‘लकुम दीनुकुम वलिय दीन कॉन्फ्रेंस’ की तैयारियों को लेकर जहानाबाद में बैठक!

बिहार से बड़ी संख्या में लोगों के दिल्ली पहुंचने का लिया गया संकल्प!
जहानाबाद : (बिहार ) ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला मुख्यालय स्थित कोहिनूर होटल के हॉल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ सलाउद्दीन अंसारी की, जबकि संचालन जिला महासचिव परवेज आलम राईन ने किया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में ऑल इंडिया पसमांदा उलमा बोर्ड के राष्ट्रीय संगठन मंत्री मौलाना अब्दुल रकीब अंसारी उपस्थित रहे। वहीं वरिष्ठ अतिथि के रूप में बिहार प्रदेश संयोजक मोहम्मद जमालुद्दीन अंसारी ने शिरकत की।
बैठक का प्रमुख विषय आगामी 29 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले “लकुम दीनुकुम वलिय दीन कॉन्फ्रेंस” की तैयारियां रहा। इस दौरान सम्मेलन के उद्देश्य, बिहार से प्रतिनिधियों की भागीदारी, संगठनात्मक तैयारी तथा अधिक से अधिक लोगों को दिल्ली पहुंचाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिहार प्रदेश से सम्मेलन में बड़ी संख्या में उलेमा, सामाजिक कार्यकर्ता, संगठन के पदाधिकारी और पसमांदा समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर संपर्क अभियान को तेज करने और लोगों को सम्मेलन की जानकारी देने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर मोहम्मद जमालुद्दीन अंसारी, प्रदेश संयोजक, डॉ. फिरोज अंसारी, प्रदेश उपाध्यक्ष, ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़, मोहम्मद सरवर अंसारी, मगध प्रमंडल प्रभारी एवं मीडिया प्रभारी , परवेज आलम राईन, जिला महासचिव, जहानाबाद, तथा सरवर अंसारी, जिला सचिव, जहानाबाद सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में दर्जनों लोगों ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि आगामी सम्मेलन के लिए बिहार में व्यापक स्तर पर जनसंपर्क और संगठनात्मक तैयारियां की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक प्रतिनिधि दिल्ली पहुंचकर कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।