स्वतंत्रता दिवस पर पसमांदा स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने की तैयारी

मुरादाबाद। ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री शाहीन अंसारी ने रामपुर जिला अध्यक्ष नबी बख्श के साथ उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष हाजी ताहिर हुसैन से मुरादाबाद स्थित उनके टेक्सटाइल प्रतिष्ठान पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले झंडारोहण कार्यक्रम एवं पसमांदा विमर्श को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

हाजी ताहिर हुसैन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडारोहण के साथ पसमांदा समाज के लोगों को जागरूक करने के लिए पसमांदा स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और इतिहास पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में अनेक पसमांदा स्वतंत्रता सेनानियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया, लेकिन इतिहास के पन्नों में उन्हें अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाया।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले पसमांदा समाज के महान सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इतिहास लेखन में पसमांदा स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को पर्याप्त रूप से सामने नहीं लाया गया, जबकि कुछ अन्य वर्गों के स्वतंत्रता सेनानियों पर व्यापक साहित्य उपलब्ध है।

शाहीन अंसारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व ही नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले सभी स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि पसमांदा समाज के योगदान और इतिहास को सामने लाने के लिए ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने तथा पसमांदा विमर्श को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया।