यूसुफ अंसारी को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाने पर एआइपीएमएम ने जताया आभार

पसमांदा समाज को नेतृत्व में भागीदारी मिले, सभी दल करें पहल : एआइपीएमएम
राजनीतिक प्रतिनिधित्व से ही होगा सामाजिक न्याय मजबूत : एआइपीएमएम
चंद्रशेखर आज़ाद के निर्णय का स्वागत
नई दिल्ली। ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ (एआइपीएमएम) की ओर से आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष का हृदय से आभार व्यक्त किया जाता है कि उन्होंने श्री युसुफ अंसारी को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त कर पसमांदा मुस्लिम समाज को सम्मानजनक राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रदान किया है।
यह निर्णय केवल एक व्यक्ति की नियुक्ति नहीं, बल्कि उस बड़े सामाजिक वर्ग की आकांक्षाओं का सम्मान है जो लंबे समय से सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से उपेक्षित रहा है। पसमांदा समाज देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी उचित भागीदारी चाहता है और ऐसी पहल सामाजिक न्याय तथा समावेशी राजनीति को मजबूत करती है।
हमारा मानना है कि भारत के लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति तभी सशक्त होगी जब समाज के प्रत्येक वर्ग को उसकी योग्यता और जनसंख्या के अनुरूप नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी मिले। पसमांदा मुस्लिम समाज देश की प्रगति, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति पूर्ण निष्ठा रखता है तथा राष्ट्र निर्माण में निरंतर योगदान देता आया है।
हम देश के सभी राजनीतिक दलों से विनम्र अपील करते हैं कि वे भी पसमांदा मुस्लिम समाज के योग्य, शिक्षित और सामाजिक रूप से
सक्रिय लोगों को संगठन एवं चुनावी राजनीति में सम्मानजनक स्थान दें। केवल चुनाव के समय वोट मांगना पर्याप्त नहीं है, बल्कि नेतृत्व, संगठन, विधानसभाओं, संसद, स्थानीय निकायों तथा पार्टी के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर भी पसमांदा समाज की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
राजनीतिक हिस्सेदारी सामाजिक न्याय का एक महत्वपूर्ण आधार है। जब तक समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को निर्णय लेने की प्रक्रिया में उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिलेगा, तब तक समावेशी विकास का लक्ष्य अधूरा रहेगा।
एक बार पुनः हम श्री चंद्रशेखर आज़ाद जी का धन्यवाद एवं शुभकामनाएँ व्यक्त करते हैं और आशा करते हैं कि अन्य राजनीतिक दल भी इस सकारात्मक पहल से प्रेरणा लेते हुए पसमांदा मुस्लिम समाज को उसकी योग्य भागीदारी प्रदान करेंगे। यही लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और संविधान की भावना के अनुरूप होगा।