सोशल मीडिया और स्थानीय गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह
अफवाहों से बचें, शांति और भाईचारा कायम रखें : महाज
डिजिटल सुरक्षा और SOS फीचर सक्रिय करने पर दिया जोर
सामुदायिक एकता और त्वरित सूचना तंत्र बनाने की अपील
लखनऊ। आल इंडिया पसमंदा मुस्लिम महाज की ओर से पसमंदा मुस्लिम समाज की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर एक महत्वपूर्ण सलाह जारी की गई है। संगठन ने हाल के सामाजिक हालात को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने, अफवाहों से बचने और सामुदायिक एकजुटता बनाए रखने की अपील की है। जारी सलाह में कहा गया है कि लोग अपने आसपास के माहौल, सोशल मीडिया और स्थानीय गतिविधियों पर नजर रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन और समुदाय के जिम्मेदार लोगों तक पहुंचाएं। संगठन ने विशेष रूप से शाम के समय अकेले यात्रा से बचने, नियमित रास्ते बदलते रहने और सुरक्षित स्थानों की जानकारी पहले से रखने की सलाह दी है।
डिजिटल सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया है। सोशल मीडिया अकाउंट्स को प्राइवेट रखने, निजी जानकारी सार्वजनिक न करने और मोबाइल फोन में SOS फीचर सक्रिय करने की सलाह दी गई है। साथ ही समुदाय के बीच तालमेल के लिए सुरक्षित संचार माध्यमों का उपयोग करने पर जोर दिया गया है।
महाज ने समुदाय से आपसी एकता मजबूत करने, व्हाट्सएप ग्रुप और फोन नेटवर्क के जरिए जल्दी सूचना साझा करने तथा जरूरत पड़ने पर घटनाओं का सुरक्षित तरीके से दस्तावेजीकरण करने की अपील की है। इसके अलावा स्थानीय पुलिस, प्रशासन, मानवाधिकार आयोग और कानूनी सहायता संगठनों के संपर्क नंबर अपने पास रखने की भी सलाह दी गई है।
संगठन ने कहा कि किसी भी तनावपूर्ण स्थिति में शांति बनाए रखें, भीड़ या उकसावे से बचें और कानून व्यवस्था पर भरोसा रखें। महाज के अनुसार सुरक्षा केवल व्यक्तिगत सतर्कता ही नहीं, बल्कि सामूहिक एकजुटता से भी सुनिश्चित होती है।

