रामपुर। ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़, रामपुर के जिला अध्यक्ष श्री नबी बख्श जी के नेतृत्व में श्रीमती उनसा जी के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक श्रीमती उनसा जी को महिला प्रकोष्ठ का जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद संगठन में महिलाओं
की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई। बैठक के मुख्य अतिथि संगठन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री शाहीन अंसारी जी रहे।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शाहीन अंसारी जी ने कहा कि यदि हम सामाजिक बराबरी की बात करते हैं तो उसमें हमारी माताएं और बहनें भी बराबर की भागीदार हैं। महिलाओं की भागीदारी के बिना सामाजिक न्याय और समानता का लक्ष्य पूरा नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ पैगंबर-ए-इस्लाम हज़रत मुहम्मद ﷺ द्वारा दिखाए गए मार्ग और उनकी शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर समाज में बराबरी, शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए कार्य करता है। उन्होंने ‘इक़रा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका अर्थ है ‘पढ़ो’। शिक्षा ही व्यक्ति और समाज को जागरूक और सशक्त बनाने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने माताओं और बहनों से आह्वान किया कि वे शिक्षा प्राप्त करें, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनें और संगठन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
शाहीन अंसारी जी ने कहा कि महिलाओं की संगठन में सक्रिय भागीदारी से समाज में एक सकारात्मक संदेश जाएगा कि सामाजिक दृष्टि से हमारी माताएं और बहनें भी पुरुषों के समान महत्वपूर्ण और बराबर की भागीदार हैं।
बैठक में जिला अध्यक्ष नबी बख्श जी ने प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शाहीन अंसारी जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि रामपुर जिले से अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ा जाए और उन्हें संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा पसमांदा समाज में शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

