सुल्तानपुर। ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के प्रदेश प्रभारी श्री अफजल अंसारी अपने गृह जनपद सुल्तानपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपने साथियों के साथ 29 सितम्बर 2026 को मुबारकपुर, आजमगढ़ में आयोजित होने वाले पसमांदा अधिकार सम्मेलन की तैयारियों को लेकर चर्चा
की और कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई।
बैठक के दौरान सुल्तानपुर जनपद में संगठन के विस्तार एवं संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर तय किया गया कि हर 15 दिन में संगठन के पदाधिकारी एवं समाज के लोगों की समस्याओं को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी, ताकि जनसमस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सके।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सुल्तानपुर जनपद में पसमांदा समाज से जुड़ी किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, सुख-दुख या सामाजिक समस्या की जानकारी मिलने पर संगठन का प्रतिनिधिमंडल संबंधित क्षेत्र में पहुंचकर लोगों से मुलाकात करेगा और उनकी समस्याओं को सुनेगा। प्रतिनिधिमंडल द्वारा समस्याओं को संबंधित प्रशासन एवं अधिकारियों के समक्ष रखकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, समाज के लोगों से निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी मंडल अध्यक्ष गफ्फार घोसी, जिला अध्यक्ष जबबार भाई, जिला सचिव कमाल अहमद, जिला उपाध्यक्ष खालिद मंसूरी, जिला सचिव नसीब भाई, मौलाना दिलशाद आदि लोग मौजूद रहे।

