पसमांदा समाज की आवाज बुलंद करने में एआईपीएमएम की भूमिका महत्वपूर्ण:
बुनकर समाज को एआईपीएमएम से जोड़ने का प्रयास रहेगा: शहाबुद्दीन अंसारी
लखनऊ। आज लखनऊ स्थित ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के राष्ट्रीय कार्यालय पर बुनकर मजदूर समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शहाबुद्दीन अंसारी ने अपने साथियों हाजी शहजाद उमर मोहम्मद एवं इम्तियाज अंसारी के साथ पहुंचकर संगठन के कार्यालय सचिव एहतेशाम अयूबी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पसमांदा मुसलमानों की सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षिक स्थिति सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। श्री शहाबुद्दीन अंसारी ने कहा कि ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज पिछड़े, दबे-कुचले और वंचित पसमांदा मुसलमानों की आवाज को मजबूती से उठाकर उनकी समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने संगठन की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि बहुत कम समय में संगठन का विस्तार होना उल्लेखनीय है। देश के 12 राज्यों में संगठन का विस्तार होना अपने आप में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पसमांदा समाज के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए सामाजिक संगठनों के बीच समन्वय आवश्यक है। श्री शहाबुद्दीन अंसारी ने यह भी कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि बुनकर समाज के लोगों को ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज से जोड़ा जाए, ताकि बुनकर एवं पसमांदा समाज से जुड़े लोगों की समस्याओं को एकजुट होकर उठाया जा सके। इस अवसर पर संगठनात्मक गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

