आल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ के कार्यालय पर झंडा फहरा कर मनाया गया 76वां गणतंत्र दिवस

हमारे संविधान से मिला है भारत में सामाजिक समानता और अधिकार : डॉ. संतोष
संविधान के कारण पसमांदा मुसलमान किसी भी संवैधानिक पद तक पहुंच सकता है : डॉ. फैयाज
लखनऊ। 26 जनवरी 2025 गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ के प्रदेश कार्यालय, लखनऊ में भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। महानगर अध्यक्ष फैज मोहम्मद की अध्यक्षता में झंडारोहण किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. संतोष कुमार त्रिवेदी ने गणतंत्र दिवस के महत्व को स्पष्ट करते हुए कहा कि भारत में सामाजिक समानता और अधिकार केवल हमारे संविधान के कारण संभव हो सके हैं। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान की सराहना करते हुए बताया कि 26 जनवरी 1950 को लागू किए गए संविधान ने भारत को सच्चे अर्थों में गणतंत्र बनाया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. फैयाज अहमद फैजी ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान के कारण आज पसमांदा मुसलमान किसी भी संवैधानिक पद तक पहुंच सकते हैं, परंतु कम शिक्षा की वजह से यह संभव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज की पहल को सराहा, जो पसमांदा समुदाय को उनके जनसंख्या अनुपात के अनुसार संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए प्रयासरत है।
राष्ट्रीय प्रधान महासचिव मारूफ अली अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन पिछड़े मुसलमानों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है। यह लड़ाई समाज को बांटने की नहीं, बल्कि जोड़ने की है। इस अवसर पर मुहम्मद इशहाक यूसुफ इदरीसी को मुम्बई महानगर का सदस्य और नसीम अहमद इदरीसी को गोंडा का जिला सचिव नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष हाजी नेहाल अंसारी, प्रदेश सचिव एजाज इदरीसी, लखनऊ जिला उपाध्यक्ष हबीब उर रहमान, पूर्वी लखनऊ के नगर अध्यक्ष नौशाद अली इदरीसी, तहसीन अंसारी, शकील अशरफ, एहतेशाम, और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।