अमेठी में पसमांदा महाज़ के संगठन विस्तार की रणनीति पर मंथन

अमेठी। ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ के प्रदेश प्रभारी श्री अफजल अंसारी ने संगठन के विस्तार एवं पसमांदा मुसलमानों को उनके हक-हकूक के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद अमेठी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पसमांदा समाज के नेता श्री कब्बन अली से मुलाकात कर संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में अमेठी जनपद में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा अधिक से अधिक पसमांदा समाज के लोगों को संगठन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। प्रदेश प्रभारी श्री अफजल अंसारी ने कहा कि पसमांदा समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ संगठन को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि अमेठी जनपद में अगले एक माह के भीतर ब्लॉक स्तर तक संगठन का विस्तार करने की रणनीति तैयार की गई है। इसके लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी, ताकि संगठन की विचारधारा और सामाजिक जागरूकता का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जा सके।

श्री अंसारी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य पसमांदा मुसलमानों के सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास के लिए निरंतर कार्य करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने और समाज के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी श्री सब्बू भाई भी मौजूद रहे। बैठक में संगठन के विस्तार, जनसंपर्क अभियान तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई।