चांदपुर में पसमांदा महाज की बैठक सम्पन्न

  • सामाजिक जागरूकता पर पसमांदा महाज का मंथन
  • चांदपुर में पसमांदा समाज को संगठित होने का आह्वान
  • राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर दिया गया जोर
  • शाहीन अंसारी बोले— भागीदारी से मिलेगी हिस्सेदारी

जनपद बिजनौर के चांदपुर में ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज की एक महत्वपूर्ण बैठक राष्ट्रीय संयोजक श्री शमीम अंसारी जी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में पसमांदा समाज के सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक एवं राजनीतिक सशक्तिकरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य हज समिति के माननीय सदस्य एवं ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री शाहीन अंसारी जी रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पसमांदा समाज की तरक्की के लिए शिक्षा, संगठन और राजनीतिक भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री शमीम अंसारी जी ने कहा कि श्री शाहीन अंसारी जी की उपलब्धि पूरे पसमांदा समाज की उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार शाहीन अंसारी जी उत्तर प्रदेश हज समिति के सदस्य के रूप में पसमांदा समाज के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं, उसी प्रकार समाज के प्रत्येक व्यक्ति को राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करते हुए समाज के विकास और अधिकारों की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस बैठक का उद्देश्य पसमांदा समाज में सामाजिक जागरूकता पैदा करना तथा सामाजिक समानता और अधिकारों के प्रति लोगों को संगठित करना है। उन्होंने उपस्थित लोगों से ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि “जितनी अधिक हमारी भागीदारी और उपस्थिति व्यवस्था में होगी, उतनी ही प्रभावी हमारी हिस्सेदारी सुनिश्चित हो सकेगी।”

बैठक में उपस्थित लोगों ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, समाज के युवाओं को नेतृत्व के लिए आगे लाने तथा सामाजिक एकता के साथ जनहित के मुद्दों पर मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक का समापन समाजहित एवं संगठन की मजबूती के संकल्प के साथ हुआ।