पसमांदा समाज को सम्मानजनक हिस्सेदारी दिलाने का संकल्प

पसमांदा समाज अब जाग चुका है: अफजल

सुल्तानपुर। विधानसभा सदर जयसिंहपुर के ग्राम सवई माधवपुर स्थित मोहम्मद अनवर के आवास पर ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ द्वारा पसमांदा समाज को जागरूक करने एवं संगठन से जोड़ने के उद्देश्य से एक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के प्रदेश प्रभारी श्री अफजल अंसारी ने की।
अपने संबोधन में श्री अफजल अंसारी ने कहा कि ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ पसमांदा समाज को देश और प्रदेश के विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पसमांदा मुसलमान लंबे समय से सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक रूप से पिछड़ेपन का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने इस समाज से वोट तो लिए, लेकिन उनके विकास के लिए अपेक्षित कार्य नहीं किए।
उन्होंने कहा, “अब पसमांदा समाज जाग चुका है। जो हमारी भागीदारी सुनिश्चित करेगा, हम उसी का साथ देंगे, चाहे वह कोई भी राजनीतिक दल या संगठन हो।” उन्होंने बताया कि संगठन केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पसमांदा समाज तक पहुंचाने के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है।
श्री अफजल अंसारी ने कहा कि संगठन की मांग है कि सभी राजनीतिक दल अपने-अपने संगठन और पार्टी में पसमांदा मुसलमानों को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व दें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा “पसमांदा” शब्द का उल्लेख किए जाने के बाद इस समाज के मुद्दों पर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बढ़ी है, जिससे सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जगी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ के उत्तर प्रदेश मध्य ज़ोन अध्यक्ष जलील अहमद ने कहा कि “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी” के सिद्धांत के आधार पर पसमांदा समाज को राजनीतिक, शैक्षिक, रोजगार तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों में उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में विभिन्न राजनीतिक दल पसमांदा समाज की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें उचित भागीदारी देंगे।
उन्होंने कहा कि आज ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ की पहचान पूरे देश में बन चुकी है, जिसका श्रेय संगठन के समर्पित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जाता है।
इस अवसर पर इदरीस, बबन सागर, नसीम, मीडिया प्रभारी शब्बू, शमशाद, रशीद, साहबान, सुल्तानपुर जिला अध्यक्ष अब्दुल जब्बार, जिला महासचिव सलीम सलमानी, मंडल अध्यक्ष गफ्फार घोसी, जिला उपाध्यक्ष खालिद मंसूरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।