पसमांदा समाज अपने सशस्त्र बलों के साथः शारिक अदीब
नई दिल्ली। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष शारिक अदीब अंसारी ने कहा ऑल इंडिया पसमान्दा मुस्लिम महाज अपने वीर भारतीय सशस्त्र बलों और प्रधानमंत्री के साथ चट्टान की तरह मजबूती से खड़ा है। इस राष्ट्रीय संकट की घड़ी में हम अपनी भारत माता के प्रति अटूट निष्ठा को दोहराते हैं। हम भारत के मुसलमान, विशेषकर पसमान्दा मुसलमान, सबसे पहले और सबसे आगे राष्ट्रवादी हैं। हमारे दिल भारत के लिए धड़कते हैं, और हमारी रगों में बहता लहू अपने वतन की हिफाजत के लिए हमेशा तैयार है।
हमारा धर्म, भविष्य और अस्तित्व इस पवित्र मातृभूमि की मिट्टी से जुड़ा हुआ है। हम पाकिस्तान और उसके आतंक के सौदागरों को साफ और स्पष्ट संदेश देना चाहते हैं कि भारत को तुम तोड़ नहीं सकते, और हमें बांट नहीं सकते। हम अपने देश पर हुए इस कायराना हमले की कड़ी निंदा करते हैं और इसके लिए कड़ा और निर्णायक जवाब चाहते हैं।
श्री अदीब ने कहा पसमान्दा मुसलमान आखिरी सांस तक लड़ेंगे अपने देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए। हम अपने सैनिकों के साथ हैं, सरकार के साथ हैं और अपने भारतवर्ष के साथ हैं। कोई ताकत हमें अपने भारत को सुरक्षित, मजबूत और संप्रभु बनाए रखने से रोक नहीं सकती। यही हमारी धरती है, यही हमारा धर्म है, यही हमारा गर्व है।