विजयलक्ष्मी देवी से ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ की महत्वपूर्ण बैठक

दिनांक 4 अगस्त 2026 को ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ (AIPMM) के प्रतिनिधिमंडल ने इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित रात्रि भोज (डिनर) के दौरान श्रीमती विजयलक्ष्मी देवी, सांसद (लोकसभा, सीवान – जदयू) एवं श्री रमेश सिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक, सीवान (जदयू) से विस्तृत चर्चा की।

बैठक में पसमांदा मुस्लिम समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व, नेतृत्व में भागीदारी, सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार, आर्थिक सशक्तिकरण एवं संवैधानिक अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ।

ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ ने कहा कि पसमांदा समाज को उसकी आबादी और योगदान के अनुरूप राजनीतिक भागीदारी एवं नेतृत्व में उचित स्थान मिलना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।

श्रीमती विजयलक्ष्मी देवी ने पसमांदा समाज से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से सुना तथा सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के प्रति अपनी सकारात्मक प्रतिबद्धता व्यक्त की। श्री रमेश सिंह कुशवाहा ने भी पसमांदा समाज के सामाजिक एवं राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए सहयोग का भरोसा दिलाया।

उल्लेखनीय है कि ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ अपनी मांगों का ज्ञापन पूर्व में ही सांसद महोदया को सौंप चुका था। यह बैठक उन विषयों पर विस्तृत संवाद और सकारात्मक पहल की दिशा में आयोजित की गई।

इस अवसर पर इं. अख्तर हुसैन, अधिवक्ता सज्जाद हुसैन अंसारी, हाजी मोहम्मद जफर अंसारी, डॉ. शारिद जमाल अंसारी, डॉ. रैहान असरारी, मोहसिन अंसारी, मुश्ताक राहत राईन, कुणाल कुशवाहा, विनय भूषण, अधिवक्ता शाहिद अतहर, शाहनवाज अहमद अंसारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पसमांदा समाज की सम्मानजनक भागीदारी ही सामाजिक न्याय की वास्तविक पहचान है।