80वें स्वतंत्रता दिवस पर डॉ. कलीम अंसारी सम्मानित

गिरिडीह। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झारखंड आंदोलनकारी एवं ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. कलीम अंसारी को विशिष्ट झारखंड आंदोलनकारी के रूप में सम्मानित किया गया। डॉ. कलीम अंसारी को यह सम्मान उनके सामाजिक योगदान एवं झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए प्रदान किया गया।
गिरिडीह के अलकापुरी निवासी डॉ. कलीम अंसारी, मोमीन सोसाइटी गिरिडीह के पूर्व महामंत्री भी रह चुके हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में नगर विकास, आवास, खेलकूद एवं उच्च तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री सुदिव्य कुमार सोनू तथा गिरिडीह के उपायुक्त ने उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
यह सम्मान गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड सरकार की ओर से विशिष्ट झारखंड आंदोलनकारी के रूप में प्रदान किया गया। सम्मान मिलने पर डॉ. कलीम अंसारी ने इसे झारखंड आंदोलन में योगदान देने वाले सभी आंदोलनकारियों तथा समाज के लिए गौरव का क्षण बताया।
डॉ. कलीम अंसारी के सम्मान की खबर से मोमीन समाज, पसमांदा समाज एवं अन्य बिरादरियों में खुशी की लहर है। समाज के लोगों ने कहा कि यह सम्मान न केवल डॉ. कलीम अंसारी का व्यक्तिगत सम्मान है, बल्कि उन सभी लोगों के लिए गौरव का विषय है जिन्होंने झारखंड के निर्माण और सामाजिक विकास में अपना योगदान दिया।
समाज के विभिन्न लोगों ने डॉ. कलीम अंसारी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।