मुरादाबाद में ‘बुनकर की बात सरकार के साथ’ कार्यक्रम आयोजित

बुनकरों की समस्याओं को मंत्री के सामने रखा गया
लूम बिजली दर घटाने की मांग, जल्द घोषणा के संकेत
बुनकर उद्योग संकट में, सरकार से मदद की अपील
हाजी ताहिर हुसैन ने उठाई बुनकरों की आवाज
मंत्री दानिश अंसारी ने समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

लखनऊ/मुरादाबाद। आल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष ताहिर हुसैन के नेतृत्व में 17 अप्रैल को मुरादाबाद के नगर कांठ मदरसा नासिर उल उलूम के तत्वावधान में “बुनकर की बात सरकार के साथ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी रहे, जिनके समक्ष बुनकर समाज की प्रमुख समस्याओं को विस्तार से रखा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय प्रभारी हाजी मुहम्मद अहमद अंसारी ने कहा कि बुनकर समाज आज गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से लूम (करघा) के लिए बिजली दरों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बढ़ती बिजली लागत के कारण बुनकरों का परंपरागत उद्योग लगातार कमजोर होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो हजारों परिवारों की आजीविका पर संकट गहरा सकता है। श्री अंसारी ने जोर देते हुए कहा कि बुनकर केवल एक पेशा नहीं, बल्कि देश की समृद्ध परंपरा और कारीगरी की पहचान हैं, इसलिए सरकार को इस वर्ग के संरक्षण और प्रोत्साहन के लिए विशेष नीति बनानी चाहिए।
राष्ट्रीय संयोजक पसमांदा मुस्लिम महाज शमीम अंसारी ने पसमांदा समाज की ऐतिहासिक बातों का ओर देश की प्रेम भावना ओर जिन्ना की द्विराष्ट्रीय थ्योरी पर विस्तृत रूप से चर्चा की ।
उन्होंने आगे कहा कि मंत्री दानिश आजाद अंसारी स्वयं बुनकर समाज से आते हैं, इसलिए उन्हें इस वर्ग की समस्याओं की गहरी समझ है और उनसे उम्मीद है कि वे इस दिशा में प्रभावी पहल करेंगे।
अपने संबोधन में राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने आश्वासन दिया कि बुनकरों की समस्याओं को लेकर वे मुख्यमंत्री से लगातार संवाद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लूम के लिए बिजली दरों में कमी को लेकर सकारात्मक विचार चल रहा है और जल्द ही इस संबंध में घोषणा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य की सरकार लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और बुनकर समाज को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि देश के प्रधानमंत्री द्वारा भी पसमांदा मुस्लिम समाज की स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त की गई है और उनके उत्थान के लिए विभिन्न स्तरों पर पहल की जा रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुरादाबाद जिलाध्यक्ष शुजात करीम ने की। बड़ी संख्या में पसमांदा समाज के लोग उपस्थित रहे। सभी ने बुनकर समाज के हितों की रक्षा और उनके विकास के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का संकल्प लिया।